Loading...

शाहपुर में 17 से 20 अक्तूबर तक जिला स्तरीय दशहरा, सजेंगी तीन सांस्कृतिक संध्याएं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

शाहपुर में जिला स्तरीय दशहरा उत्सव 17 से 20 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय उत्सव में तीन सांस्कृतिक संध्याएं, भव्य शोभायात्रा, एंटी चिट्टा रैली और विभिन्न खेल गतिविधियां होंगी। स्थानीय कलाकारों को मंच देने के लिए 11 से 14 अक्तूबर तक ऑडिशन लिए जाएंगे। उत्सव की तैयारियों को लेकर एटीसी सभागार में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में कानून व्यवस्था, स्वच्छता और जनसहभागिता सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

शाहपुर

विधायक केवल सिंह पठानिया ने सभी विभागों को 17 अक्तूबर तक अपने स्टॉल स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उत्सव के दौरान विभागीय उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए विभागों, व्यापार मंडल, नगर पंचायत और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपेक्षा की। उत्सव परिसर में शाहपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों खबरू वाटरफॉल, करेरी, लमडल, तत्वानी और तल माता की जानकारी देने वाले फ्लेक्स भी लगाए जाएंगे।

शाहपुर में 17 से 20 अक्तूबर तक जिला स्तरीय दशहरा, सजेंगी तीन सांस्कृतिक संध्याएं

शोभायात्रा से होगा उत्सव का शुभारंभ

दशहरा उत्सव की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से होगी। यह शोभायात्रा मिनी सचिवालय से शुरू होकर रेहलू चौक, शाहपुर बाजार की सर्विस लेन और 39 मील से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। आयोजन के दौरान विभिन्न खेल गतिविधियां भी करवाई जाएंगी। उत्सव के लिए भव्य प्रवेश द्वार और सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, जबकि व्यापार मंडल के सहयोग से पूरे शाहपुर बाजार को सजाया जाएगा। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए दशहरा मैदान में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी तथा उत्सव की एक स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी।

स्थानीय कलाकारों के लिए 11 अक्तूबर से ऑडिशन

तीनों सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। कलाकारों के चयन के लिए शाहपुर में 11 से 14 अक्तूबर तक ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय प्रतिभाओं के साथ स्टार कलाकार भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुतियां देंगे। इस बार उत्सव के दौरान मिस्टर शाहपुर और मिस शाहपुर का चयन भी किया जाएगा। नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा रैली निकाली जाएगी, जिसमें जनसहभागिता पर विशेष जोर रहेगा।

विभागों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने बैठक में दशहरा उत्सव की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने विधायक की ओर से दिए गए सुझावों और निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया तथा सभी विभागों से आयोजन में सहयोग की अपील की। बैठक की शुरुआत में शाहपुर के पूर्व विधायक एवं मंत्री स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में विभागीय अधिकारियों, नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और दशहरा कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।

Related Topics: •