जंगल में आग बुझाते हुए पांव फिसलकर गिरा व्यक्ति, दर्दनाक मौत
HNN/ कुल्लू
जिला कुल्लू की दलाशनी पंचायत में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, यहां एक व्यक्ति जंगल में आग बुझाते हुए व्यक्ति नीचे गिर गया, जिस कारण उसकी जान चली गई है। मृतक की पहचान बीर सिंह (62) पुत्र नरपत निवासी गांव दलाशनी भुंतर कुल्लू के रूप में हुई है। वहीं व्यक्ति की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, दलाशनी के जंगल में अचानक ही आग भड़क उठी। इस दौरान आग की लपटें बीर सिंह के घर के पास पहुंच गईं। घर को बचाने के लिए वह आग बुझाते वक्त खुद ही बुरी तरह झुलस गया और खुद को बचाते हुए फिसलकर गिर पड़ा। नीचे गिरने से उनके सिर पर काफी गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद ग्रामीण उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया। सोमवार सुबह पीजीआई पहुंचने से पहले व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।