Loading...

जंगल से बरामद हुए देवदार और कायल के 661 स्लीपर, जांच में जुटा विभाग

Ankita • 21 Aug 2023 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

जिला चंबा में चुराह के खैरना और चुंडी जंगल में देवदार और कायल के 661 स्लीपर मिले है। जिन लोगों ने जंगल में स्लीपरों को रखा है। उनकी पहचान करने के लिए भी विभाग जांच में जुट चुका है। टीडी और लॉट के तहत गलत निशानदेही को लेकर भी विभाग जांच कर रहा है। वहीं विभाग ने इसको लेकर अपने आठ कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। कर्मचारियों को 15 दिनों के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब देना होगा।

जानकारी के मुताबिक, वन विभाग पिछले कुछ दिनों से शिकायत मिल रही थी कि जंगल में अवैध कटान चल रहा है। इस दौरान विभाग ने जंगल से देवदार और कायल के 661 स्लीपर बरामद किए। जंगल में विभाग से टीडी के लिए मंजूर देवदार के पेड़ों के बजाय दूसरे पेड़ों को काट दिया गया। इसमें विभाग को 135 पेड़ों के ठूंठ भी बरामद हुए।

ये टीडी के नाम पर गलत तरीके से काटे गए। विभाग के शिकंजा कसते ही कुछ टीडी धारकों ने अवैध रूप से काटे पेड़ की लकड़ी जंगल में फेंक दी है। कई ऐसे अन्य लोग भी हैं जिन्होंने अवैध तरीके से जंगल से लकड़ी चोरी की थी। वे भी विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए जंगल में लकड़ी ठिकाने लगा रहे हैं।