Loading...

जमीनी विवाद को लेकर दो परिवारों में झगड़ा, 3 जख्मी, मामला दर्ज

Ankita • 1 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/ बिलासपुर

जिला हमीरपुर के थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत कोटला चीलियां पंचायत के बरेटी गांव में जमीनी विवाद के कारण हुए झगड़े में एक परिवार की वृद्ध महिला उसका बेटा व बहू बुरी तरह से घायल हो गए।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित 46 वर्षीय यशपाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी सोनू कुमारी के साथ घर के साथ ही बनी अपनी गोशाला की ओर जा रहा था कि पीछे से अचानक उनके पड़ोसी सुरेंद्र कुमार उसकी पत्नी राजकुमारी व बेटे नीरज ने डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

जब उसकी पत्नी ने छुड़वाने का प्रयास किया तो उसे भी बुरी तरह से पीट डाला। शोर सुनकर मौके पर आई उसकी माता लीला देवी 82 वर्ष पर भी उन्होंने हमला कर दिया, जिससे वृद्ध महिला की दाई बाजू टूट गई है। यशपाल ने बताया कि आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

वहीं दूसरी ओर सुरेंद्र कुमार ने आरोपो से इनकार करते हुए कहा कि झगड़ा पहले यशपाल आदि ने आरंभ किया था। इस संबंध में थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने बताया कि घायलों का मेडिकल करवा लिया गया है तथा मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।