जमीनी विवाद में व्यक्ति ने सगे भाई के परिवार पर चला दी गोलियां, 3 घायल

GUN.jpg

HNN/शिमला

राजधानी शिमला के उप मंडल ठियोग में एक गोलीकांड का मामला सामने आया है। यहां मतियाना की शडी पंचायत के थारू गांव में एक व्यक्ति ने जमीनी विवाद में अपने सगे भाई के परिवार पर गोलियां चला दी। गोलीकांड में तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ध्यान सिंह (62) को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ध्यान सिंह का सगे भाई दुर्गा राम के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। दोनों का परिवार अलग-अलग रहता था। इस दौरान जमीनी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि ध्यान सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिए।

घटना में दुर्गा राम के परिवार के लाल सिंह, संदीप और शुभम घायल हो गए हैं। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग ले जाया गया। जहां से दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी रेफर किया गया। तीनों घायलों को पैर और टांग पर बंदूक के छर्रे लगे हैं।

वहीं गोलीकांड की खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार किया। साथ ही उसके खिलाफ अपराधिक मामला और हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।