जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट, क्रॉस केस दर्ज
HNN/ऊना
जिला ऊना के तहत फत्तेवाल में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। पुलिस ने दोनों ओर से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में दर्शना देवी निवासी फत्तेवाल ने बताया कि जागीरी लाल, राम प्रकाश व सोम नाथ उनकी जमीन से पेड़ काट रहे थे।
महिला व उसके पति ने उन्हें पेड़ काटने से मना किया, तो उन्होंने रास्ता रोककर मारपीट की, इससे दोनों को चोटें आई हैं। जागीरी लाल ने हाथ में लिए दराट से महिला के ऊपर हमला किया, जिससे दोनो हाथों में चोटें लगी है। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि सोमनाथ ने अपनी जमीन की लकड़ी राम प्रकाश को बेची थी, जिसे काटने के लिए राम प्रकाश मजदूरों के साथ लकड़ी काटने गया।
करीब 9 बजे वहां पर रामपाल और उसकी पत्नी दर्शना देवी ने मौके पर आकर इन्हें लकड़ी काटने को मना करने लगे। इस पर राम प्रकाश ने सोमनाथ को मौके पर बुलाया। बातचीत के दौरान इन दोनों ने रास्ता रोककर कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया। वहीं, इसके भाई राम प्रकाश के कंधे पर भी वार कर दिया। दर्शना देवी ने भी इनके साथ मारपीट की। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि की है।