जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग : आतंकियों ने बांका के युवक की हत्या की
बांका जिले के अशोक चौहान नाम के एक युवक की जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अशोक अपने बड़े भाई वरुण चौहान के साथ मक्के चने का काम करता था। आतंकियों ने शुक्रवार को शोपियां जिले में जासूस समझकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
अशोक चौहान की शादी वर्ष 2016 में भागलपुर जिले के बलिया गांव में प्रीति देवी से हुई थी। अशोक चौहान के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। परिवार के भरण-पोषण के उद्देश्य से अशोक अपने बड़े भाई वरुण चौहान के साथ जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के संगम एरिया में मक्के का कारोबार करता था।
अशोक चौहान के सहकर्मी ने बताया कि वह अपने किराए कमरे से सुबह सात बजे निकला था। करीब एक घंटे तक दोनों साथ थे। जब वह मक्के की कटाई कर रहा था, तभी उसे एक फोन आया। फोन आने के बाद अशोक ने सहकर्मी को बताया कि वो कहीं जा रहा है। जब वह कुछ देर बाद वापस नहीं आया तो सहकर्मी उसे ढूंढने निकला। अशोक को फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।