Loading...

जल्द खत्म होगा इंतज़ार, एशिया के पहले ओपन एयर आइस स्केटिंग रिंक में जमने लगी बर्फ

SAPNA THAKUR • 5 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित एशिया के पहले ओपन एयर आइस स्केटिंग रिंक में स्केटिंग करने वाले खिलाड़ियों का इंतज़ार अब जल्द ही खत्म होने जा रहा है। रिंक में बर्फ जमने लगी है जिससे अब जल्द ही यहाँ खिलाड़ी स्केटिंग का मज़ा उठा पाएंगे। बता दें, आइस स्केटिंग के दीवाने पूरा साल भर इसका इंतजार करते हैं। यहाँ स्केटिंग करने के लिए न केवल स्थानीय बल्कि बाहरी राज्यों से भी पर्यटक पहुँचते है। उधर, खिलाड़ियों के लिए रजिस्ट्रेशन भी ओपन कर दिए गए हैं। 10 दिसंबर तक रिंक गेम्स के लिए तैयार हो जाएगा। 12 दिसंबर से विंटर गेम्स शुरू होंगी, जो फरवरी तक चलेंगी।

आइस स्केटिंग रिंक में कैसे जमती है बर्फ
राजधानी शिमला के आइस स्केटिंग रिंक में प्राकृतिक तरीके से बर्फ जमाई जाती है। बर्फ जमाने के लिए रात के समय शून्य या इससे कम तापमान रहना जरूरी होता है। इसके बाद ही बर्फ जमाने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। एक बार बर्फ की परत जम जाने पर लगातार रात को मौसम साफ रहने के बाद इस पर एक के बाद एक बर्फ की परतें जमने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है जिससे बर्फ ठोस होती है। इसके बाद स्केटिंग की जा सकती है।