Loading...

जल रक्षकों का प्रदर्शन, पुलिस ने रोका तो हुई धक्का-मुक्की

By NEHA Published: 6 Sep 2024, 4:31 PM | Updated: 6 Sep 2024, 4:31 PM 1 min read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश में जल रक्षकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को विधानसभा का घेराव करने के लिए चौड़ा मैदान में काफी तादाद में प्रदेश भर से जल रक्षक एकत्रित हुए और विधानसभा की ओर आने की कोशिश करने लगे। लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें चौड़ा मैदान में ही रोक दिया।

जल रक्षक सरकार से 12 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले जल रक्षों को कॉन्ट्रैक्ट पर लाने की मांग रहे हैं। जल रक्षक महासंघ के अध्यक्ष रूप लाल ने कहा कि महासंघ की मुख्य मांग उनकी कांट्रैक्ट अवधि को घटाया जा सके, उनके लिए स्थायी पॉलिसी बनाई जा सके और जो 12 साल का अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, उनके लिए पोस्ट सृजित की जाए, ताकि वह कॉन्ट्रैक्ट पर आ सके।

उन्होंने कहा कि कई जलरक्षकों को 12 साल का कार्यकाल पूरा किए हुए बहुत समय हो गया है, लेकिन अभी तक वो अनुबंध पर भी नहीं आए हैं। पहले भी सीएम और डिप्टी सीएम से मिलकर वो अपनी मांगों के बारे में विस्तार से बचा चुके हैं, लेकिन उनको हर बार सिर्फ आश्वासन ही हाथ लगा है।

रूप लाल ने कहा कि डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री से अपील की थी की उनकी कॉन्ट्रैक्ट में आने की अवधि को घटाया जाए। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जल रक्षकों की मांगों को कैबिनेट में लाया जाए, लेकिन बावजूद इसके अब तक जल रक्षक महासंघ की मांगों की ओर कोई गौर नहीं किया गया है।