जिला में अगले माह से शुरू होगी निशुल्क डायलिसिस की सुविधा
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में अगले माह से निशुल्क डायलिसिस की सुविधा शुरू हो जाएगी। निजी संस्था हंस फाउंडेशन के साथ मिलकर विभाग तैयारियों में जुटा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पिछले तीन महीने से डायलिसिस की सुविधा ठप पड़ी है।
मरीजों को निजी अस्पतालों में डायलिसिस करवाना पड़ रहा है। एचआईवी और हेपेटाइटिस के मरीजों के डायलिसिस जिले के निजी अस्पतालों में भी नहीं हो रहे हैं। जिस कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक या फिर आईजीएमसी शिमला जाना पड़ रहा है। लेकिन अब फिर से डायलिसिस की सेवा आरंभ होने से मरीजों ने राहत की साँस ली है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल कुल्लू अब मरीजों को हंस फाउंडेशन की सहायता से डायलिसिस की सुविधा प्रदान करेगा। इससे पहले अस्पताल में राही केयर कंपनी डायलिसिस की सुविधा दे रही थी, लेकिन 10 जनवरी को कंपनी का समझौता (टेंडर) समाप्त हो जाएगा।
जहां राही केयर कंपनी आयुष्मान और हिमकेयर धारक मरीजों का ही निशुल्क डायलिसिस कर रही थी, वहीं हंस फाउंडेशन हर एक मरीज का डायलिसिस निशुल्क करेगी। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की टीम ने 21 नवंबर को अस्पताल में डायलिसिस सेंटर स्थापित करने के लिए जगह का निरीक्षण किया है।