जिला में इस दिन तक होगा फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्यक्रम…..
HNN/सोलन
जिला सोलन के नालागढ़ और दून विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर 9 दिसंबर तक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि 9 दिसंबर तक नालागढ़ और दून विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर अधिकारी पात्र मतदाता से मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए प्रारूप-6 में आवेदन प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त मृत्यु, विवाह या स्थान त्याग के कारण प्रारूप-7 में नाम हटवाए जाने के बारे में आवेदन या आक्षेप प्रस्तुत किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज करने के लिए अहर्ता तिथि प्रथम जनवरी 2024 होगी। इसके अतिरिक्त प्रथम अप्रैल 2024, प्रथम जुलाई 2024 और प्रथम अक्तूबर 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाता भी अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
वर्तमान फोटोयुक्त मतदाता सूची में संबंधित प्रविष्टियों जैसे नाम, पता, उम्र, फोटोग्राफ आदि की शुद्धि के लिए फार्म-8 पर आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि विशेष अभियान की तिथियों 18 व 19 नवंबर में भी पात्र मतदाता अपना दावा या आक्षेप समुचित प्रारुप में मतदान केंद्र पर नियुक्त अधिकारी या बूथ स्तर के अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से उपरोक्त दावे और आक्षेप प्रस्तुत किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए वेब लिंक और वोटर हेल्पलाइन एप वीएचए पर ई-पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसमें ऑनलाइन फार्म भरे जा सकते हैं। दिव्यांशु सिंगल ने सभी पात्र मतदाताओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों और गैर सरकारी संस्थानों से आग्रह किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपना सहयोग दें।