जिला में इस दिन होगा लंबित राजस्व मामलों का निपटारा…..
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में 4 और 5 जनवरी को इंतकाल और राजस्व लोक अदालत दिवस प्रस्तावित है। इन दो दिनों में जिनके इंतकाल और तकसीम संबंधी मामले लंबित चल रहे हैं, वे अपने नजदीकी तहसील कार्यालय में जाकर इनका निपटारा करवा सकते हैं।
जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है, जिन क्षेत्रों और लोगों के इंतकाल और तकसीम संबंधी लंबे समय से लंबित चल रहे हैं। उनकी सुनवाई और निपटारा जल्द किया जाएगा। इसी उद्देश्य से प्रदेश भर में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुल्लू में चार और पांच जनवरी को इंतकाल और राजस्व लोक अदालत दिवस मनाया जाना है। इन उपरोक्त तिथियों में तहसील कार्यालयों में आकर लोग अपनी इंतकाल और तकसीम संबंधी समस्याओं और मामलों की सुनवाई और निपटारा करवा सकते हैं।
उन्होंने सरकार के इस जन हितैषी कार्य का फायदा उठाने की जनता से अपील की है। बता दें कि प्रदेश सरकार इस दिवस के माध्यम से इंतकाल और तकसीम के लंबित चल रहे मामलों को निपटाने का प्रयास कर रही है, जिसका आम जनता को फायदा मिल रहा है।