जिला में चोरी की वारदात: घर से लाखों के आभूषण उड़ा ले गए शातिर
HNN/ ऊना
जिला ऊना के अपर अरनियाला में चोरी की वारदात पेश आई है। चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए हैं जिसकी कीमत 1.80 लाख रुपए है। अपर अरनियाला की रक्षा देवी के घर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घर में किसी को ना पाकर चोर ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए।
वही, रक्षा देवी जब घर पहुंची तो उसने देखा कि ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था और अलमारी से आभूषण गायब थे। जिसके बाद वह तुरंत सदर थाना ऊना पहुंची और इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई। वहीं पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 457 और 380 तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोर गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
उधर, खबर की पुष्टि करते हुए एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि चोरी की शिकायत दर्ज करवाई गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस निरंतर प्रयास कर रही है।