जिला में शास्त्री पदों के लिए इस दिन होगी काउंसलिंग…..
HNN/ कुल्लू
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कुल्लू के कार्यालय में अनुबंध के आधार पर शास्त्री शिक्षकों के 9 पदों को भरने के लिए बैच आधार पर काऊंसलिंग प्रक्रिया 9 जनवरी को पुन: निर्धारित की गई है। बता दें कि उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा जिला कुल्लू के कार्यालय में 17 और 18 नवम्बर को शास्त्री शिक्षकों के 9 पदों को भरने के लिए काऊंसलिंग निर्धारित की गई थी।
कार्यालय में 17 नवम्बर को काऊंसलिंग हुई थी। वहीं निदेशक प्रारंभिक शिक्षा हिमाचल प्रदेश शिमला के निर्देशानुसार आगामी आदेश तक काऊंसलिंग प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। अब निदेशक प्रारंभिक शिक्षा हिमाचल प्रदेश शिमला से प्राप्त निदेशानुसार पुन: काऊंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कुल्लू सुरजीत राव ने कुल्लू जिला के पात्र उम्मीदवारों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित प्रपत्र पर जिलों की प्राथमिकताओं का क्रम काऊंसलिंग के दिन भरकर देंगे। निर्धारित प्रपत्र काऊंसलिंग के दिन उम्मीदवारों को उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
जो अभ्यर्थी 17 नवम्बर को काऊंसलिंग में उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों की जांच-पड़ताल कार्यालय में करवा चुके हैं तथा अपनी उपस्थिति भी दर्ज करवा चुके हैं उन्हें पुन: काऊंसलिंग प्रक्रिया में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं है। वहीं शेष बचे हुए उम्मीदवार 17 नवम्बर को काऊंसलिंग में उपस्थित होने से बच गए थे और जिन्हें बुलावा पत्र पहले ही भेजे जा चुके हैं तथा जिन्हें बुलावा पत्र नहीं मिले हैं वे सभी उम्मीदवार काऊंसलिंग में उपस्थित हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू के सभी पात्र अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र पहले ही भेजे जा चुके हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को बुलावा पत्र न मिला हो तो ऐसे अभ्यर्थी उपरोक्त निर्धारित तिथि को उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा जिला कुल्लू के कार्यालय में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।