Loading...

जीवन में अपनाएं महर्षि वाल्मीकि का संदेश – डॉ. शांडिल

Ankita • 28 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/ सोलन

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मन्त्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन चरित हमें सत्य एवं परिश्रम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। डॉ. शांडिल आज सोलन के धोबीघाट में महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति द्वारा आयोजित ध्वजारोहण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि मन्दिर में पूजा-अर्चना कर सभी के सुख और समृद्धि की कामना की। डॉ. शांडिल ने सभी को महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण जैसी कालजयी कृति की रचना कर विश्व को अनुपम भेंट दी। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने समस्त मानव जाति को सत्य का मार्ग अपनाकर ईश्वर प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य मन्त्री ने कहा कि हम सभी को महर्षि वाल्मीकि का सन्देश जीवन में अपनाना चाहिए और यह प्रयास करना चाहिए कि हमारे कार्यों से जन-जन का कल्याण सुनिश्चित हो। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र में शीघ्र ही एम्बुलेंस मार्ग का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने सामुदायिक भवन के अतिरिक्त निर्माण कार्य के लिए 03 लाख प्रदान करने की घोषणा भी की।

उन्होंने महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति को अपनी एच्छिक निधि से 11,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की।इस अवसर पर अवगत करवाया गया कि धोबीघाट के 43 आवासों में नगर निगम द्वारा बिजली के मीटर लगाऐ जाएंगे।