जेओए आईटी पेपर लीक मामला, संदेह के घेरे में पिछले 3 वर्षों में हुई भर्तियां
HNN / हमीरपुर
पैसे लेकर जेओए आईटी का पेपर लीक करने वाली हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग में कार्यरत आरोपी महिला कर्मी उमा आजाद के घर से विजिलेंस ने 7.90 लाख रुपये बरामद किए है। साथ ही महिला के घर पर दो अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी बरामद हुए हैं।
इसके बाद विजिलेंस के अधिकारी सोमवार को आयोग के उच्च अधिकारियों से प्रश्नपत्र के बारे में पूछताछ करेंगे। इस मामले में विजिलेंस ने अब तक सभी छह आरोपियों को पकड़ा है, जो 28 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर है। वही , इस मामले में अब हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से पिछले तीन सालों में हुईं भर्तियां भी संदेह के घेरे में आ गई हैं।
आरोपी महिला आयोग में पिछले तीन सालों से परीक्षा की गोपनीय शाखा में तैनात थी। गोपनीय शाखा से ही सभी भर्तियों की प्रक्रिया शुरू होती है और अंतिम रूप दिया जाता है। विजिलेंस पूर्व में हुईं भर्ती परीक्षाओं और इन परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड भी खंगालने में जुट गई है। साथ ही दसवीं, बारहवीं, स्नातक परीक्षाओं में प्राप्तांक और छंटनी परीक्षाओं में प्राप्त अंकों की भी समीक्षा होगी।