Loading...

जेपी नड्डा ने हिमाचल की राज्यसभा सीट से दिया इस्तीफा, गुजरात से बने रहेंगे सांसद

Ankita • 4 Mar 2024 • 1 Min Read

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की सीट से राज्यसभा के सदस्य के तौर पर अपना इस्तीफा दे दिया है। वह हाल के चुनाव में गुजरात से राज्यसभा के सांसद चुने गए हैं। मसलन, गुजरात से वह राज्यसभा के सदस्य बने रहेंगे। राज्यसभा अध्यक्ष जगदीप धनखड़ ने हिमाचल की सीट से उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्यों की परिषद (राज्यसभा) के निर्वाचित सदस्य जगत प्रकाश नड्डा ने राज्यसभा में अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया और उनका इस्तीफा 4 मार्च को राज्यसभा के सभापति द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।

बता दें जेपी नड्डा उन 57 राज्यसभा सांसदों में एक हैं जिनका कार्यकाल अप्रैल महीने में समाप्त हो रहा है। इसके बाद वह गुजरात सीट से राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे। राज्यसभा के लिए गुजरात से बीजेपी के चार सांसद चुने गए हैं। इनमें पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, जसवन्त सिंह परमार, मयंक नायक और गोविंदभाई ढोलकिया शामिल हैं।