Loading...

जेबीटी व बीएड भर्ती मामले की समस्या का शीघ्र समाधान करें हिमाचल सरकार- आकाश नेगी

Ankita • 13 Jun 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश मंत्री आकाश नेगी ने एक ब्यान जारी करते हुए कहा है कि जेबीटी व बीएड भर्ती मामले की समस्या के बारे में सरकार बहुत ही लापरवाही बरत रही है जो कि सरकार के लिए काफी हानिकारक साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जेबीटी व बीएड की भर्ती एक साथ करने का फैसला लिया है जो कि सरासर गलत है। जब जेबीटी और बीएड के कोर्सेस को अलग अलग डिज़ाइन किया गया है तो भर्तियां एक साथ करने का कोई औचित्य नहीं बनता। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि सरकार इस तरह के फैसले ले कर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

सरकार के इन फैसलों का खामियाजा विद्यार्थियों को भविष्य में भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान चाहती है। माननीय उच्चतम न्यायालय का निर्णय आने तक सरकार को इंतजार करना चाहिए। आकाश नेगी ने बताया कि वर्ष 1948 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रों के विभिन्न मुद्दों को प्रदेश एवं केंद्र सरकार के सामने उजागर करती आ रही है।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जेबीटी एवं बीएड के अभ्यर्थियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, और सरकार से मांग करती है, कि जल्द से जल्द इस मामले का निपटारा किया जाए और अभ्यर्थियों को न्याय दिया जाए, अन्यथा विद्यार्थी परिषद् को‌ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।