Loading...

जोगिंदर नगर में बतौर एसडीएम मनीश चौधरी ने संभाला कार्यभार

Ankita 31 Jan 2024 Edited 31 Jan 1 min read

HNN/ मंडी

जोगिंदर नगर में मनीश चौधरी ने आज बतौर एसडीएम कार्यभार संभाल लिया। 2020 बैच के हिमाचल प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मनीश चौधरी इससे पहले चंबा में बतौर उपायुक्त के सहायक आयुक्त कार्यरत थे। मनीश चौधरी हिमाचल प्रशासनिक सेवा में आने के बाद चंबा जिला के तीसा व मंडी जिला के धर्मपुर में भी बतौर एसडीएम अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं।

मनीश चौधरी ने राजस्व विभाग में वर्ष 1998 में बतौर नायब तहसीलदार अपनी सेवाएं आरंभ की थी तथा वर्ष 2010 में बतौर तहसीलदार तथा वर्ष 2020 में हिमाचल प्रशासनिक सेवा में शामिल हुए हैं। इस मौके पर उन्होने कहा कि बतौर एसडीएम वे जोगिंदर नगर क्षेत्र में सरकार के दिशा निर्देशों के तहत विभिन्न विकास कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में समयबद्ध कार्य करने का हरसंभव प्रयास करेंगे ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का समयबद्ध लाभ सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ये उनका सौभाग्य है कि उन्हें जोगिंदर नगर वासियों की बतौर एसडीएम सेवा करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है तथा क्षेत्र की सेवा करने में वे कोई कमी नहीं रखेंगे। इस अवसर पर निर्वतमान एसडीएम कृष्ण कुमार शर्मा भी मौजूद रहे तथा उन्हें जोगिंदर नगर में बतौर एसडीएम कार्यभार संभालने की शुभकामनाएं दी।