टकोली के अरविंद कुमार को डीजीपी डिस्क अवार्ड, साइबर क्राइम में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
शिमला सीआईडी साइबर क्राइम सैल में तैनात हैं हेड कांस्टेबल, गांव टकोली में जश्न का माहौल
अरविंद कुमार को मिला रजत पदक सम्मान
जिला ऊना की उप तहसील जोल की ग्राम पंचायत टकोली निवासी हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार को हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा डीजीपी डिस्क (रजत पदक) से सम्मानित किया गया है। 2008 से पुलिस सेवा में कार्यरत अरविंद कुमार वर्तमान में सीआईडी साइबर क्राइम सैल, शिमला में तैनात हैं और कर्मठता व उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है।
सम्मान समारोह में मिला प्रशंसा पत्र व सिल्वर डिस्क
पुरस्कार समारोह में हिमाचल प्रदेश के डीजीपी ने अरविंद कुमार को सिल्वर डिस्क और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। यह पुरस्कार ऐसे पुलिस कर्मियों को दिया जाता है जो अपनी ड्यूटी के प्रति पूर्ण निष्ठा और समाज सेवा के लिए समर्पण से कार्य करते हैं।
गांव और परिवार में खुशी का माहौल
अरविंद की इस उपलब्धि पर टकोली गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके परिवार और क्षेत्रवासियों को उन पर गर्व है। अरविंद ने अपने कर्तव्य, अनुशासन और लगन से न केवल अपने माता-पिता महेंद्र सिंह और गांव का नाम रोशन किया, बल्कि युवाओं के लिए भी एक प्रेरणास्त्रोत बनकर उभरे हैं।
ग्रामवासियों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश राणा, उप प्रधान पंकज रणौत, पूर्व प्रधान मंगल सिंह, पूर्व चेयरमैन रानी रणौत, मास्टर जगदीश चंद, विपिन कुमार, आयुष विशिष्ट, सुनील कुमार, सतेंद्र सिंह, रमेश कुमार, पवन कुमार, छज्जू राम, वरिंदर सिंह सहित अनेक लोगों ने अरविंद कुमार को बधाई दी और कहा कि यह टकोली गांव के लिए गौरव का क्षण है।