टायर फटने से बीच सड़क पर पलटा ट्रक, लगा लंबा जाम
HNN / शिमला
जिला शिमला के टूटीकड़ी बाईपास पर आज एक ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और वहां लंबा जाम लग गया। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को ट्रक से बाहर निकालकर तुरंत आईजीएमसी ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिसके चलते ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर ही पलट गया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ उस वक्त वहां से अन्य वाहन नहीं गुजरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि पुलिस के जवानों ने छोटे वाहनों के लिए एक तरफ ट्रैफिक बहाल कर दिया है।
लेकिन बड़े वाहनों के लिए ट्रैफिक बहाल करने में अभी समय लगेगा। फिलहाल पुलिस की ओर से क्रेन मंगवाई गई है, ताकि ट्रक को सड़क से हटाया जा सके।