टीम इंडिया ने लगातार जीती 17वीं टेस्ट सीरीज, इंग्लैंड को पांच विकेट से हराया
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ रांची टेस्ट मैच में पांच विकेट से जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त ले ली है। भारतीय टीम की अपने घर पर ये लगातार 17वीं टेस्ट सीरीज जीत है।
भारतीय टीम आखिरी बार कोई घरेलू टेस्ट सीरीज नवंबर 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ हारी थी। उसके बाद से उसने एक भी टेस्ट सीरीज नहीं गंवाया है। देखा जाए तो भारतीय टीम ने अपने घर में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जीत की हैट्रिक भी लगाई है। दरअसल, इससे पहले भारत ने अपने घर में इंग्लैंड को लगातार 2 टेस्ट सीरीज में हराया था।
भारत के लिए ध्रुव जुरेल और शुभमन गिल ने छठे विकेट के लिए नाबाद 72 रन की साझेदारी निभाई। जुरेल के बल्ले से विनिंग रन निकले। उन्होंने दो रन लेकर मैच में जीत दिलाई। जुरेल 39 रन और शुभमन 52 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा 55 रन की पारी खेली। ध्रुव ने पहली पारी में 90 रन बनाए थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत को जीत के लिए 192 रन का लक्ष्य मिला था। टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहली पारी में 353 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 307 रन पर समाप्त हुई थी। इंग्लैंड की टीम 46 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में उतरी थी। इंग्लैंड की दूसरी पारी 145 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में उनकी कुल बढ़त 191 रन की हुई थी। बता दें सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट सात मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा।