HNN/ चंबा
जिला के एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। व्यक्ति की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि, अभी तक व्यक्ति की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं परिजनों की तरफ से भी किसी भी प्रकार का कोई संदेह नहीं जताया गया है।
मृतक की शिनाख्त चम्बा जिले के भटियात की ग्राम पंचायत टुंडी के बाग गांव निवासी अमीर चंद (46) पुत्र डलकू राम के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अब मौत के कारणों से पर्दा उठेगा।
बता दें, अमीर चंद अमृतसर में एक ट्रांसपोर्ट में ट्रक चालक के रूप में लंबे समय से सेवाएं दे रहा था। देर रात को भी वह ट्रक लेकर अमृतसर की तरफ गया परंतु वहां नहीं पहुंचा। इसी बीच किसी ने अमृतसर-पठानकोट हाईवे पर बटाला के समीप हरदोझंडे नामक स्थान पर ट्रक के अंदर झांक कर देखा तो व्यक्ति मृत अवस्था में अंदर पड़ा हुआ था।

