ट्रक से बरामद हुआ व्यक्ति का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में…

By SAPNA THAKUR Published: 5 Jan 2023, 2:44 PM 1 min read

HNN/ मंडी

जिला मंडी के पुलिस थाना निहरी के अंतर्गत ट्रक में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला है। मृतक की पहचान सोहन सिंह (65), पुत्र साजन सिंह गांव व डाकघर लटियाला तहसील कोट जिला लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हालांकि मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। जानकारी के अनुसार, सोहन सिंह डिपो का राशन लेकर ट्रक में निहरी क्षेत्र आया था। इस दौरान सोहन सिंह सड़क किनारे वाहन खड़ा कर ट्रक में ही सो गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सोहन सिंह को देखा तो वह सीट पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।