ट्रक से 728 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद, चालक सहित 2 गिरफ्तार
HNN/ सोलन
जिला सोलन में पुलिस थाना अर्की के तहत ट्रक सवार 2 लोगों को 728 किलोग्राम चूरा-पोस्त सहित गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम डूमैहर की तरफ गश्त पर थी।
इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक पिपलुघाट, पावघाटी से डुमैहर की ओर आ रहा है, जिसमें नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने डोलंग चौक के पास नाकाबंदी की। इस दौरान इलादी चौक की तरफ से आ रहे ट्रक को चैकिंग के लिए रुकवाया। ट्रक में चालक विकास कुमार सहित पंकज नाम का शक्श सवार था।
पुलिस को देखकर वह दोनों घबरा गए। जब शक के आधार पर ट्रक की तलाशी ली गई तो डैशबोर्ड में एक सफेद रंग का कैरी बैग मिला, जिसमें 3 प्लास्टिक के लिफाफों में भूरे रंग का पदार्थ पाया गया। जांच के दौरान वह चूरा-पोस्त निकला, जिसका वजन 728 किलोग्राम था। डीएसपी संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।