ट्रेनी एचएएस अधिकारी का चूका निशाना, पुलिस जवान की टांग पर लगी गोली
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं (एचएएस) के अधिकारियों को बुधवार को बंदूक चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एक ट्रेनी एचएएस अधिकारी का निशाना चूक गया और गोली एक पुलिस जवान की टांग पर लग गई। घायल पुलिस जवान की पहचान हेमराज के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जुन्गा की अश्विनी खड्ड स्थित फायरिंग रेंज में एचएएस के प्रशिक्षु अधिकारियों का प्रशिक्षण अभ्यास चल रहा था। इसमें अंडर ट्रेनिंग चल रहे वैंड स्टाफ के चार-पांच जवानों की ड्यूटी भी लगी थी। यहां एक ट्रेनी अधिकारी का निशाना चूक गया और गोली पुलिस जवान हेमराज की टांग में जा लगी।
गोली लगने से पुलिस जवान घायल हो गया और काफी ज्यादा खून बह गया। घटना के बाद घायल जवान को उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल लाया गया। चिकित्सक घायल जवान के उपचार में जुटे हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।