Loading...

ट्रैफिक इंस्पेक्टर भर्ती पेपर लीक, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Ankita • 23 Mar 2023 • 1 Min Read

HNN/ हमीरपुर

भंग हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में पोस्ट कोड 819 ट्रैफिक इंस्पेक्टर भर्ती (यातायात निरीक्षक) में पेपर लीक होने का मामला दर्ज किया गया हैं। मामले में आयोग की निलंबित वरिष्ठ सहायक उमा आजाद, दोनों बेटे नितिन और निखिल और अभ्यर्थी रवि कुमार के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। विजिलेंस से मिली जानकारी के मुताबिक आयोग द्वारा 21 सितंबर 2020 को ट्रैफिक इंस्पेक्टर पोस्ट कोड 819 के तहत 06 पदों पर भर्ती करने के लिए विज्ञापन जारी किया था।

इस भर्ती के लिए 35053 अभ्यार्थियों के आवेदन स्वीकार किए गए थे। इस परीक्षा का परिणाम आयोग द्वारा 28 जनवरी 2022 को घोषित किया गया और यातायात निरीक्षक के 6 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन भी कर लिया गया हैं। पेपर लीक के मामले में यह पांचवीं एफआईआर है। विजिलेंस की जांच में खुलासा हुआ है कि परीक्षा के सात दिन बाद ही अभ्यर्थी और आरोपियों के बीच लेन-देन हुआ। विजिलेंस की जांच में दस हजार रुपए की मनी ट्रेल मिली है।

गौर हो कि ट्रैफिक इंस्पेक्टर के छह पदों के लिए 35053 लोगों ने आवेदन किया था। 28 जनवरी, 2022 को इस परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया था, जिसमें छह लोगों को चयनित किया गया। उधर, एडीजीपी विजिलेंस सतवंत अटवाल त्रिवेदी का कहना है कि ट्रैफिक इंस्पेक्टर की परीक्षा मामले में विजिलेंस को 10 हजार की मनी ट्रेल मिली है। विजिलेंस ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर की परीक्षा मामले में केस दर्ज कर लिया है।

एडीजीपी ने बताया कि ट्रैफिक इंस्पेक्टर की परीक्षा से संबंधित चल रही पूछताछ के दौरान, एसआईटी को कई आपत्तिजनक साक्ष्य भी मिले हैं। एसआईटी ने आयोग की पूर्व वरिष्ठ सहायक उमा आजाद, बेटे निखिल आजाद, नितिन और रवि कुमार के खिलाफ 420, 201, 120 बी आईपीसी और 7, 7ए, 8,12 पीसी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।