ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले हो जाएं सावधान, कालका-शिमला एनएच पर अब कैमरे से कटेंगे चालान
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में अब यदि आप ओवरस्पीड वाहन चलाते हैं तो चालान आपके घर पहुंच जाएगा। शिमला पुलिस ने कालका-शिमला एनएच पर वाहनों की गति को जांचने और बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और ओवर स्पीड के लिए सिस्टम लगाया है। अब इसे इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ा जाना है।
शहर में ज्यादा गति से वाहन चलाने वालों और बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने यह योजना बनाई है। तेज गति के कारण कई बार व्यस्त बाजारों में दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। बता दें पुलिस लाइन सोलन के समीप इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) शुरू करने के बाद अब धर्मपुर पुलिस थाना के समीप इसे स्थापित कर दिया है।
इस सिस्टम से ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का खुद ही चालान कट जाएगा। हालांकि, अभी इसका ट्रायल किया जा रहा है। इसमें भी करीब 20 वाहन चालकों के चालान कट चुके हैं। इसमें पांच चालान बिना हेलमेट और नौ चालान ओवर स्पीड के शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार कालका-शिमला एनएच पर पुलिस प्रशासन की ओर से चुनिंदा क्षेत्रों में अत्याधुनिक (हाई डेफिनिशन) कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करेंगे। इसके बाद ऑपरेटर ट्रैफिक सिस्टम को सूचित करेगा और इस तरह से यातायात नियमों के उल्लंघन को पकड़ लिया जाएगा।