ठियोग के सेब कारोबारी से 3.81 करोड़ की ठगी, बेंगलुरु के शख्स ने लगाया चूना, पुलिस ने दर्ज किया केस

शिमला जिले के ठियोग उपमंडल में सेब सीजन के दौरान करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिलारू फल मंडी में एक सेब कारोबारी से बेंगलुरु निवासी व्यक्ति ने 3.81 करोड़ रुपये की ठगी की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठियोग

7.22 करोड़ के सेब बेचे, पर नहीं मिला पूरा भुगतान
जानकारी के अनुसार, एपीएमसी फल मंडी शिलारू में सेब का थोक कारोबार करने वाले बलवीर कटोच निवासी ठियोग ने बताया कि उन्होंने 20 जुलाई, 2025 से शिलारू मंडी में कारोबार शुरू किया था। इस दौरान उन्होंने और अन्य चार व्यापारियों ने मिलकर कुल 42,264 सेब के कार्टन मोहम्मद नाज़िम पुत्र मोहम्मद यूसुफ निवासी बेंगलुरु नॉर्थ (आरटी नगर) कर्नाटक को बेचे, जिनकी कुल कीमत 7.22 करोड़ रुपये थी। आरोपी ने केवल 3.40 करोड़ रुपये का भुगतान किया जबकि शेष 3.81 करोड़ रुपये अभी तक नहीं दिए।

भुगतान के बाद आरोपी मंडी से हुआ गायब
शिकायतकर्ता के अनुसार, 30 सितंबर, 2025 को मोहम्मद नाज़िम अचानक मंडी से गायब हो गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया। व्यापारियों ने जब भुगतान की मांग की तो आरोपी से संपर्क नहीं हो सका। इससे ठगी की आशंका पुख्ता हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
एएसपी शिमला नवदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित सेब कारोबारी की शिकायत पर पुलिस थाना कुमारसैन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई है और बैंक खातों व ट्रांजैक्शन विवरण की जांच की जा रही है।