डंगे की शटरिंग गिरने से नेपाली मूल के युवक की हुई मौत
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर के थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां डंगे की शटरिंग गिरने से नेपाली मूल के एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान धनवीर (29) पुत्र मकबूल के तौर पर हुई है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नादौन अस्पताल के समीप फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान डंगे की शटरिंग गिरने से नेपाली मूल का एक युवक लोहे की प्लेटों के नीचे दब गया था। इस घटना में वह बुरी तरह जख्मी हुआ।
घटना के बाद उसे तुरंत नादौन अस्पताल भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हमीरपुर रैफर किया गया, वहां घावों का ताव न सहते हुए उसने दम तोड़ दिया। बता दें मृतक नादौन के वार्ड एक में परिवार सहित रह रहा था। थाना प्रभारी नादौन बाबूराम शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।