डलहौजी के करेलनू में दर्दनाक सड़क हादसा, जालंधर के दो पर्यटकों की मौत, चार गंभीर घायल
Himachalnow / चंबा
डलहौजी के करेलनू क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना देर रात हुई और सभी पर्यटक पंजाब के जालंधर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
चंबा/डलहौजी-करेलनू
डेढ़ किलोमीटर गहरी खाई में गिरी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्यटकों की कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ किलोमीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। सभी जालंधर के एक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
दो की मौके पर मौत, चार गंभीर घायल
इस हादसे में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से दो को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच, कारणों की पड़ताल जारी
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन कारणों से हुई।