Arrest: शिमला में करोड़ों के गहनों की चोरी, उत्तराखंड आबकारी दरोगा समेत चार कर्मी गिरफ्तार
Arrest: शिमला में एक होटल कारोबारी के घर से करोड़ों रुपये के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने के मामले में उत्तराखंड आबकारी विभाग के उप आबकारी निरीक्षक समेत चार कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इन कर्मियों ने रुद्रपुर में चोरी का सामान लेकर जा रहे आरोपियों की गाड़ी रोकी थी, लेकिन सामान का आधा हिस्सा अपने पास रखने के बाद उन्हें छोड़ दिया। शिमला पुलिस ने आरोपियों से चोरी की करीब 80 फीसदी संपत्ति बरामद होने का दावा किया है।
शिमला/शिमला
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तराखंड आबकारी विभाग के उप आबकारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार निवासी रामनगर, कांस्टेबल बलजीत सिंह, उपनल के संविदा कर्मी पप्पू लाल और पीआरडी जवान नईम निवासी उधमपुर के रूप में हुई है। आरोप है कि चोरी की वारदात में शामिल लोग सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर उत्तर प्रदेश के रामपुर से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। तलाशी के लिए वाहन रोकने वाली टीम ने कथित तौर पर चोरी के सामान का आधा हिस्सा अपने पास रख लिया और बाकी सामान देकर आरोपियों को जाने दिया।
दो कर्मी निलंबित, अन्य पर कार्रवाई के आदेश
डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने आबकारी विभाग के उप निरीक्षक और कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उपनल कर्मचारी और पीआरडी जवान के खिलाफ भी कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, नेपाल पहुंचने के बाद एक आरोपी युवती ने कथित रूप से कारोबारी को फोन कर चोरी की जानकारी दी थी। इसके बाद शिमला पुलिस ने रुद्रपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग से जुड़े चारों कर्मियों को गिरफ्तार किया। मामले में एक अज्ञात व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।
सात सितंबर की रात हुई थी चोरी
यह मामला सात सितंबर की रात का है। कालीबाड़ी के समीप रेणु बालजीज के घर में कुछ दिन पहले काम पर आई नौकरानी समेत चार लोगों पर करोड़ों रुपये के गहने, नकदी और कीमती सामान चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने आठ सितंबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सदर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। संदिग्धों की तलाश के साथ तकनीकी और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर सदर थाना पुलिस ने ऊधम सिंह नगर पुलिस के सहयोग से कार्रवाई आगे बढ़ाई।
शिमला के एएसपी मेहर पंवार के अनुसार, उत्तराखंड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी किए गए ज्यादातर आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने तीन दिन तक हिमाचल पुलिस के साथ साक्ष्य जुटाने में सहयोग किया। उनके मुताबिक, हिमाचल पुलिस की ओर से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब शेष संपत्ति की बरामदगी के साथ वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।