डीएलएड और बीएड प्रशिक्षुओं ने प्राप्त किया एसईएएस प्रशिक्षण
3 नवंबर को स्कूलों में आयोजित होगी परीक्षा
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में एससीईआरटी सोलन की ओर से विद्यार्थियों के सीखने की क्षमता को जानने के लिए राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण (एसईएएस) के लिए सभी क्षेत्र अन्वेषकों का प्रशिक्षण हो गया है। इस सर्वेक्षण को 115 डीएलएड प्रशिक्षुओं और 220 बीएड प्रशिक्षुओं की सहायता से आयोजित किया जाएगा।
2 नवंबर को क्षेत्र अन्वेषक सभी चयनित स्कूलों में जाएंगे और वह बच्चों के आधार कार्ड, पता और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित करेंगे। जिसके बाद 3 नवंबर को प्रदेश भर के स्कूलों में तीसरी, छठी और 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए एक परीक्षा आयोजित होगी। जिसमें तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा 60 मिनट, छठी के विद्यार्थियों की 75 मिनट और 9वीं की 90 मिनट की होगी।
इस परीक्षा के तहत तीसरी कक्षा के छात्रों का बुनियादी साक्षरता, अंकगणित और छठी के छात्रों का भाषा, गणित, पर्यावरण शिक्षा में ज्ञान को जांचा जाएगा। जबकि नौवीं के छात्रों का भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में ज्ञान को जांचा जाएगा। यह सर्वेक्षण प्रश्नावली के माध्यम से किया जाएगा। जिसमें जिले के 305 स्कूलों के 6770 विद्यार्थी भाग लेगें।
उधर, जिला उप निदेशक उच्च शिक्षा जोगिंदर सिंह राव ने कहा कि सर्वेक्षण को कराने के लिए सभी स्कूलों के मुखियाओं को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। स्कूल मुखिया सभी क्षेत्र अन्वेषकों का परीक्षा को कराने के लिए सहयोग करें। मुखिया उस दिन सभी चयनित कक्षाओं के सभी विद्यार्थियों का स्कूल पहुंचना सुनिश्चित करें।