डीएलएड की काउंसलिंग में अब प्रवेश परीक्षा में फेल हुए अभ्यर्थी भी ले सकेंगे भाग
HNN/ धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से उन अभ्यर्थियों को भी डीएलएड की काउंसलिंग के लिए मौका दिया गया है, जो कि प्रवेश परीक्षा में फेल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, निजी और सरकारी संस्थानों में कई श्रेणियों की सीटें रिक्त पड़ी हैं।
इन सीटों को भरने के लिए 31 अक्तूबर तक काउंसलिंग प्रक्रिया का शेड्यूल तय किया गया है। इसमें प्रवेश परीक्षा में कम अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया है। बता दें पहले यह काउंसलिंग प्रक्रिया 17 से 27 अक्तूबर तक प्रस्तावित की गई थी, लेकिन अभ्यर्थियों के कम रूझान को देखते हुए इसे 31 अक्तूबर तक बढ़ाया गया है।
रिक्त सीटों को भरने के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय में काउंसलिंग प्रक्रिया ले रहा है। काउंसलिंग में उन अभ्यर्थियों को शार्ट लिस्ट किया गया है, जिन्होंने प्रवेश परीक्षा में 37 से लेकर शून्य अंक हासिल किया है।