Arrest / दो लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में उद्घोषित आरोपी चक्कर रोड से गिरफ्तार
Arrest / शिमला सदर थाना पुलिस ने करीब दो लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में अदालत से उद्घोषित आरोपी कमल किशोर को चक्कर रोड स्थित एक जंकयार्ड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के लगातार गैर-हाजिर रहने पर एसीजेएम-2 शिमला की अदालत ने उसे 25 जून, 2025 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण करवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसीजेएम-2 शिमला की अदालत में कवि खन्ना बनाम कमल किशोर मामला विचाराधीन था। यह मामला नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत करीब दो लाख रुपये के चेक बाउंस से संबंधित है। कानूनी प्रक्रिया में शामिल नहीं होने और अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण कमल किशोर को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इसके बाद सदर थाना पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
गुप्त सूचना पर जंकयार्ड में दबिश
पुलिस को आरोपी के चक्कर रोड स्थित एक जंकयार्ड में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस आधार पर सदर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर कमल किशोर पुत्र चेत राम, निवासी जिला मंडी, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवाया है। मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।