Loading...

डीजल की कमी के चलते जिला में दो दिन बंद रहेंगे निजी स्कूल…..

PARUL • 2 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/ऊना

जिला ऊना में डीजल की कमी और ठंड को देखते हुए ऊना प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की बैठक में फैसला लिया गया कि जिला के सभी निजी स्कूल अगले दो दिन बंद रहेंगे। डीजल की कमी के चलते स्कूल प्रबंधन बसों का संचालन करने में असमर्थ है, ऐसे में बच्चों का स्कूल तक पहुंच पाना संभव नहीं है। दूसरी तरफ ठंड के प्रकोप के चलते भी ऊना प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।

बता दें कि ट्रक चालकों की हड़ताल के बाद निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल होने के चंद ही घंटे के भीतर मान्यता प्राप्त स्कूल एसोसिएशन ने भी दो दिनों तक संस्थानों को बंद करने का फैसला लागू कर दिया है। निजी स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष एसके शर्मा ने बताया डीजल की सप्लाई बाधित होने की सूरत में स्कूलों की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

जबकि निजी बस आपरेटर संघ द्वारा भी हड़ताल का ऐलान करने के बाद समस्या और ज्यादा बढ़ गई है। जिसके चलते निजी स्कूल एसोसिएशन की तरफ से आने वाले दो दिनों तक सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। यदि दो दिन तक ईंधन की सप्लाई सुचारु नहीं होती तो आने वाले 2 दिन के बाद स्कूलों की छुट्टी को बढ़ाया भी जा सकता है।