Loading...

डीपीआरओ से निदेशक तक जनसंपर्क विभाग की नई निदेशक आरती गुप्ता

PARUL • 15 Mar 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हिमाचल सरकार ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की निदेशक पद पर आरती गुप्ता को प्रोमोशन दी है। वह वर्तमान में विभाग में एडिशनल डायरेक्टर के पद पर थी। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की ओर से गुरुवार को इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं। आरती गुप्ता ने गुरुवार को ही अपने पद को भी संभाल लिया। इससे पहले इस विभाग में निदेशक का कार्यभार एचएएस अधिकारी राजीव कुमार अतिरिक्त तौर पर देख रहे थे।

आरती गुप्ता की नियुक्ति के साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को लंबे अरसे के बाद विभागीय डायरेक्टर मिला है। अन्यथा इस विभाग में आईएएस या एचएएस अधिकारियों की नियुक्ति ही होती रही है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के नए निदेशक के पद पर नियुक्त आरती गुप्ता ने गुरुवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। वह वर्ष 1991 में बतौर सहायक लोक संपर्क अधिकारी विभाग से जुड़ीं।

वर्ष 1992 में उन्होंने प्रदेश लोकसेवा आयोग से जिला लोक संपर्क अधिकारी की परीक्षा उत्तीर्ण की और सूचना अधिकारी का पद्भार संभाला। वर्ष 2009 में वह उपनिदेशक के पद पर पदोन्नत हुईं। इसके उपरांत वर्ष 2013 में संयुक्त निदेशक बनी और वर्ष 2021 में बतौर अतिरिक्त निदेशक कार्यभार संभाला। आरती गुप्ता विभाग से संबंध रखने वाली नवमीं व पहली महिला निदेशक हैं। उन्होंने अपने 33 वर्ष के लंबे कार्यकाल में कई महत्त्वपूर्ण जि़म्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया है।

विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आरती गुप्ता को निदेशक नियुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह विभाग के लिए गर्व एवं सम्मान की बात है कि आज इस विभाग से संबंध रखने वाले एक ऐसे प्रोफेशनल की निदेशक के पद पर नियुक्ति की गई है जिसने अपने कार्यकाल में सभी दायित्वों का कर्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन किया है।