Loading...

डीसी एवं एसपी ने अर्की विस क्षेत्र के संवेदनशील मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

PARUL • 24 May 2024 • 1 Min Read

HNN/सोलन

लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट स्थित संवेदनशील पोलिंग बूथ रौड़ी 1 और रौड़ी 2 का निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन मतदान केंद्रों में बिजली, पानी तथा अन्य न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इसके साथ उन्होंने दाड़लाघाट स्थित अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में कर्मचारियों और कामगारों को 1 जून, 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव के मतदान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित भी किया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मत का महत्व होता है और सभी पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से बिना किसी दबाव के अथवा प्रलोभन में आए बिना अपने विवेक के अनुसार मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।