डॉ. नम्रता जोशी ने एनसीएफ व राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर डाला प्रकाश
विद्यालय के सामान्य मुद्दों पर डाइट में 6 दिवसीय कार्यशाला हुई शुरू
HNN/नाहन
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नाहन में विद्यालय के सामान्य मुद्दों के समाधान को लेकर सोमवार को छह दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। इसका शुभारंभ अश्वनी ठाकुर ने किया। इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए 65 जेबीटी, ओटी और टीजीटी अध्यापक भाग ले रहे हैं। कार्यशाला के शुभारंभ मौके पर डॉ. नम्रता जोशी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (नेशनल करिकुलम फे्रमवर्क-एनसीएफ-2023 ड्राफ्ट) की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. नम्रता जोशी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को धरातल पर कैसे लागू करें, इसे लेकर बिंदूवार चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों से राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एनसीएफ-2023 ड्राफ्ट) को गूगल से डाउनलोड करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने के बाद शिक्षा क्षेत्र में बड़ा बदलाव सामने आया है। अब एनसीएफ-2023 के ड्राफ्ट में भारतीय शिक्षा में बड़े बदलाव की जानकारी दी गई है। इसके खंड ग में सभी विषयों को बताया गया है।
ऐसे में सभी शिक्षक अपने-अपने विषय को ध्यान से पढ़े और अपने सुझाव इसके पोर्टल पर डालें। ताकि राष्ट्रीय स्तर पर हम अपने विषय पर जो सुझाव चाहते हैं, उसे शिक्षा विभाग के समक्ष रख सकें। अध्यापक प्रशिक्षण के जिला समन्वयक संतराम शर्मा ने बताया कि कार्यशाला के पहले दिन स्रोत व्यक्ति डॉ. नम्रता जोशी, अनिल शर्मा, निशिकांत शर्मा ने अलग-अलग विषयों पर शिक्षक जागरूक किए। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में आने वाले सामान्य मुद्दों को समझकर उसका समाधान करना है।