डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने संभाला महाविद्यालय चौकीमन्यार में प्राचार्य पद का कार्यभार
HNN/ऊना/ वीरेंद्र बन्याल
चिंतपूर्णी विधानसभा एवं उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार को डॉ. बलविंदर सिंह राणा के रूप में स्थाई प्राचार्य मिल गए हैं। डॉ. राणा जिला चंबा के मलकौता के रहने वाले हैं। इनका जन्म स्वर्गीय सरन सिंह राणा के घर हुआ। इनकी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च विद्यालय खणी से हुई।
इन्होंने कला स्नातक की उपाधि वर्ष 1994 में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला से प्राप्त की। स्नातकोत्तर, एमफिल और पीएचडी की पढ़ाई उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से की। राणा ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से अगस्त 1999 में प्रवक्ता कॉलेज राजनीति शास्त्र के पद पर आसीन हुए।
उनकी पहली नियुक्ति नालागढ़ जिला सोलन में हुई थी। लेकिन इससे पहले डॉ राणा धर्मशाला, भरमौर, जीसीटीई धर्मशाला एवं ऊना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके पश्चात इन्होंने राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में चौथे प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण किया है। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. कविता कौशल ने उन्हें प्राचार्य का पदभार सौंपा।
प्राचार्य पद पर चयनित होने से पहले वह ऊना कॉलेज में ही राजनीति शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष एवं एमवीए विभाग के समन्वयक भी रहे हैं। डॉक्टर राणा अब महाविद्यालय चौकीमन्यार में ही प्रश्न सैनिक दायित्व का निर्वहन करेंगे। डॉ. बलविंदर राणा ने महाविद्यालय के लिए अपने प्राथमिकताओं को तय करते हुए बताया कि पठन-पाठन अनुशासन एवं शिक्षणोत्तर गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर उन्हें आशीर्वाद देने के लिए महाविद्यालय ऊना के पूर्व प्राचार्य डॉ. एसके बंसल, कार्यवाहक प्राचार्य ऊना डॉ राजकुमार, डॉ. पुनीत कंवर, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. संजय वर्मा व डॉ. मदन लाल प्राध्यापक मौजूद रहे।