Loading...

डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार को घेरा, कहा— अनुसूचित समाज को केवल आश्वासन मिले

Shailesh Saini 23 Jan 2026 Edited 23 Jan 1 min read

मनीष चौहान बोले— एससी वर्ग के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक लड़ेगा भाजपा मोर्चा

वीरेंद्र वनियाल ऊना

हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को ऊना में आयोजित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व ने सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए और अनुसूचित समाज के साथ अनदेखी का आरोप लगाया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय की बात करने वाली कांग्रेस सरकार जमीनी स्तर पर अनुसूचित समाज की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद सरकार ने इस वर्ग के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता से बाहर कर दिया। डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की नाकामियों को पहुंचाने का काम करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ अनुसूचित समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और सरकार की कथनी-करनी के अंतर को जनता के सामने रखें।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि बीते तीन वर्षों में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए कोई नई प्रभावी योजना शुरू नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के समय संचालित कई कल्याणकारी योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया या ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।मनीष चौहान ने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा इस स्थिति को स्वीकार नहीं करेगा और आने वाले समय में प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाकर सरकार की नीतियों का विरोध करेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में अनुसूचित समाज कांग्रेस को उसके फैसलों का जवाब देगा।बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और पूर्व में लागू योजनाओं को लेकर फीडबैक पर भी चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।