तहसीलदार हीरा लाल घेज्टा एक रुपये मासिक वेतन पर करेंगे काम

TSILDAR-HIRA-GELTA.jpg

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश में सेवानिवृत्ति के बाद दोबारा छह महीने की पुनर्नियुक्ति पर तहसीलदार हीरा लाल घेज्टा सिर्फ एक रुपये मासिक वेतन पर कार्य करेंगे। सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद हीरा लाल घेज्टा को दोबारा राजस्व विभाग (रिकवरी) तहसीलदार पद पर छह महीने की पुनर्नियुक्ति दी है।

राज्य की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने वेतन के रूप में केवल एक रुपया लेने का फैसला लिया है। उन्होंने मिसाल पेश करते हुए इस बाबत शनिवार को उपायुक्त शिमला के माध्यम से अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र सौंपा है।

उल्लेखनीय है कि 36 वर्ष के सेवाकाल के बाद 31 अगस्त को एचएल घेज्टा की सेवानिवृत्ति हो गई थी। सरकार ने उन्हें दोबारा रिकवरी शिमला में छह महीने की अवधि के लिए तहसीलदार के पद पर नियुक्त किया है। घेज्टा ने कहा कि सरकार ने पुनर्नियुक्ति अवधि के दौरान लोगों की सेवा करने का मौका दिया है जिसके लिए उन्होंने सरकार का आभार जताया।