ताजा बर्फबारी के बाद हिमाचल में उमड़े सैलानी, होटलों में 20 प्रतिशत तक की छूट..
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी हुई है जिससे पर्यटन कारोबार ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार के बाद रविवार को भी प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थलों में सैलानियों का जमावड़ा लगा रहा। पर्यटन नगरी मनाली से लेकर हिल्स क्वीन शिमला तक और अन्य पर्यटन स्थलों में भी सैलानियों की अच्छी खासी चहल कदमी देखने को मिली। इस दौरान सैलानियों ने बीते दिनों हुई बर्फबारी के बीच जमकर मस्ती भी की।
बता दे कि हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियां इन दिनों बर्फ से पूरी तरह से ढक गई है। बर्फ से ढकी ऊंची-ऊंची पहाड़ियां पर्यटकों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रही है। बर्फ के बीच अठखेलियां करने के लिए वीकेंड पर बड़ी संख्या में देश के कोने-कोने से पर्यटक प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थलों में पहुंचे। वहीं प्रदेश में सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन कारोबार ने भी एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली और होटल भी पैक हो गए हैं।
प्रदेश के होटलों में अच्छी खासी ऑक्युपेंसी चली हुई है जिससे कारोबारियों के चेहरे पर रौनक आ गई है। एचपीटीडीसी के जनरल मैनेजर अशनी सोनी का कहना है कि विंटर सीजन के लिए एचपीटीडीसी के सभी होटलों में 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जिससे इन होटलों में बुकिंग भी ज्यादा आ रही है। एचपीटीडीसी के होटलों में 14 मार्च तक यह ऑफर चलेगा। यह ऑफर सिर्फ रहने के लिए दिया जाएगा, खान-पान पर किसी तरह की छूट नहीं होगी।