Loading...

ताजा बर्फबारी से शीतलहर की चपेट में आया हिमाचल, सड़कों पर बढ़ी फिसलन

SAPNA THAKUR • 21 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। भारी बर्फबारी के कारण सड़कों पर बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है जिससे कई सड़क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित है। इतना ही नहीं सड़कों पर बर्फ और पाला जमने से लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है जिससे हर वक्त वाहनों के स्किड होने का खतरा बना हुआ है।

इतना ही नहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानियां उठानी पड़ रही है। बता दें कि प्रदेश में गुरूवार रात से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया था जोकि शुक्रवार तक जारी रहा। इस दौरान प्रदेश के आठ जिलों की चोटियां बर्फ से लकदक हो गई और प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया। ताजा बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है जिससे लोगों की कंपकंपी छूट गई है। आलम यह है कि लोग अलाव सहित हीटर का सहारा ले रहे हैं।

वहीं प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण लोग घरों में दुबके बैठे हैं। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच लोगों का घर से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। हालांकि, आज प्रदेश के कई क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही जिससे लोगों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली।