तीन दिन से लापता भेड़ पालक का शव तालाब से बरामद
Himachalnow / नाहन
accमारकंडे पुल के पास बाल कटवाने गया था, रात से ही था संपर्क टूट
जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल की तहसील धारा कवर क्षेत्र के एक भेड़ पालक युवक का शव तीन दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान जय किशोर (29) पुत्र मुलकी राम, निवासी गांव धारा के रूप में हुई है। पुलिस को मामले की सूचना मोहन सिंह पुत्र करम चंद, निवासी गांव खरशाली लडोत, तहसील चडगांव, जिला शिमला द्वारा 19 मार्च को दी गई थी।
नाहन
तीन दिन बाद तालाब से मिला युवक का शव
शिकायत में बताया गया कि जय किशोर उसके साथ ढाकवाली क्षेत्र में डेरा डाले हुए था। जय किशोर पेशे से भेड़ पालक था और पिछले 10-12 वर्षों से किन्नौर क्षेत्र के सतिन्द्र नैगी के पास भेड़-बकरी चराने का कार्य कर रहा था। हर वर्ष की तरह वह इस बार भी भेड़ों के रेवड़ के साथ जंगलों के रास्ते होते हुए सिरमौर क्षेत्र में पहुंचा था।
शिकायत के अनुसार 19 मार्च की शाम करीब 6 बजे जय किशोर मारकंडे पुल के पास बाल कटवाने के लिए गया था। रात करीब 10 बजे तक उसकी फोन पर बात हुई, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और वह संदिग्ध रूप से लापता हो गया।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी के आधार पर तलाश शुरू की। लगातार तीन दिनों तक क्षेत्र में खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। आखिरकार 22 मार्च को मालोवालां के पास एक तालाब में उसका शव पानी में डूबा हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स.उ.नि. जसविन्द्र सिंह और मु.आ. पंकज चन्दर मौके के लिए रवाना किए गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकालकर शिनाख्त और पंचनामा (इनक्वेस्ट) की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण।
डीएसपी मुख्यालय जिला सिरमौर रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण सामने आ पाएंगे।