तीन मकान व दो पशुशाला चढ़ी आग की भेंट, 4 मवेशी जिंदा जले, लाखों का नुक्सान
HNN/ शिमला
जिला मंडी में सराज के दुर्गम क्षेत्र शिल्हीबागी के गांव डरसी में तीन मकान और दो पशुशाला आग की भेंट चढ़ गई। आग की चपेट में आने से पशुशाला में बंधे 4 मवेशियों की मौत हो गई है। इस अग्निकांड में पीड़ित को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। हालांकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक, भाग चंद पुत्र परस राम निवासी डरसी शिल्हीबागी उपतहसील बागाचनोगी के मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दो मंजिला स्लेटपोश मकान, एक पशुशाला और एक आरण (औजार निर्माण लघु उद्योग) को अपनी चपेट में ले लिया।
इस अग्निकांड में पशुशाला में बंधे 1 बैल, 1 गाय और 1 भेड़ जिंदा जल गई है। वहीं लछमण पुत्र परस राम का 5 कमरों का स्लेटपोश मकान और पशुशाला भी आग की चपेट में आई। इस पशुशाला में ज्ञान चंद पुत्र परस राम की एक गाय भी जिंदा जल गई। इसके अलावा चमन लाल पुत्र भाग सिंह का 2 कमरों का मकान भी आग की चपेट में आया है।
पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की बहुत कोशिश की परंतु सफलता हाथ नहीं लगी। जिसके बाद उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। परंतु तब तक तीन मकान और पशुशाला जलकर राख हो चुकी थी।
इस अग्निकांड में चारों पीड़ित परिवारों को करीब 46 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। इस अग्निकांड में हुए नुक्सान लिए प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर 45 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है।