तेज रफ़्तार कार की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति ने पीजीआई में ली अंतिम सांस
HNN/ ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अंब के धुसाड़ा में एक दुःखद घटना सामने आई है। बता दें कुछ दिनों पहले एक व्यक्ति यहां कार की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हुआ था। जिसके बाद उसे ऊना के एक निजी अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया था।
आज तबियत ज्यादा बिगड़ने के कारण उसने दम तोड़ दिया है। मृतक की पहचान देस राज(65) पुत्र लक्ष्मण दास निवासी चुडौवाल (ऊना) के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
गौरतलब है कि देस राज गत 28 मई को दामाद व अन्य रिश्तेदारों के साथ कुठियाड़ी में माथा टेकने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान वे लोग धुसाड़ा में कुछ सामान लेने के लिए रुके, तो सड़क पार करते समय देसराज को एक तेज रफ़्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
जिसके बाद उसे घायल अवस्था में ऊना के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्स्कों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया था। यहां आज उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी अंब आशीष पठानिया ने की है।