तेज रफ़्तार पिकअप ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, एक की मौत, दूसरा जख्मी

By Ankita Published: 25 Jul 2023, 11:57 AM | Updated: 25 Jul 2023, 11:57 AM 1 min read

HNN/ हमीरपुर

हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे है। मामला जिला हमीरपुर के उपमंडल बड़सर का है, यहां पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार दूसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं। मृतक की पहचान विनय शर्मा (27) पुत्र राज कुमार और घायल की पहचान रिंकू के रूप में हुई है। दोनों युवक रिश्ते में भाई लगते है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई बाइक पर सवार होकर खन्ना (पंजाब) जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ़्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर से बाइक चालक विनय की मौत हो गई। घटना के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। बता दें दोनों भाई घर से छुट्टी काटकर नौकरी पर वापस जा रहे थे। दोनों एक ही औद्योगिक इकाई में नौकरी करते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags: