तेज रफ्तार ट्राले ने उड़ाई वन विभाग की चैक पोस्ट, वनरक्षक बुरी तरह जख्मी
पांवटा साहिब-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर पेश आया हादसा
HNN/ पांवटा साहिब
हिमाचल में सड़क हादसे लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई सड़क हादसे देखने को मिल रहे हैं।
मामला जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर हिमाचल-हरियाणा सीमा पर बहराल के पास का है, यहां एक तेज रफ्तार ट्राले ने वन विभाग की चैक पोस्ट को ही उड़ा दिया।
हादसे में वनरक्षक बुरी तरह जख्मी हुआ है। घायल का सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। घायल वनरक्षक की पहचान दीपक शर्मा (32) पुत्र पूर्णानंद निवासी गारला, भरोग बनेड़ी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा की तरफ से ट्राला तेज रफ्तारी से आया और बहराल के पास बनी वन विभाग की चैक पोस्ट को उड़ा दिया। इस दौरान चैक पोस्ट के अंदर वनरक्षक दीपक ड्यूटी पर तैनात था, जोकि इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ।
घटना के बाद घायल वनरक्षक को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी अदिति सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।