त्रिलोकपुर नवरात्र मेले में मां बाला सुंदरी के दरबार में बरसा चढ़ावा, 1.67 करोड़ नकद के साथ 21 किलो चांदी और 28 तोले सोना अर्पित
15 दिनों में 1,32,700 श्रद्धालुओं ने किए माता के दर्शन, पूर्णिमा पर हवन-यज्ञ और कन्या पूजन के साथ संपन्न हुआ अश्विन नवरात्र मेला
हिमाचल नाऊ न्यूज़ |
नाहनउत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ महामाया श्री बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में आयोजित 15 दिवसीय अश्विन नवरात्र मेले का सोमवार को पूर्णिमा के अवसर पर हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समापन हो गया। नवरात्र मेले के दौरान देशभर से पहुंचे 1,32,700 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में 1 करोड़ 67 लाख 4,287 रुपये नकद चढ़ावे के रूप में अर्पित किए। इसके अतिरिक्त 28 तोले सोना और 21 किलोग्राम चांदी भी माता के दरबार में भेंट की गई।मेले के समापन अवसर पर एसडीएम नाहन एवं संयुक्त आयुक्त त्रिलोकपुर मंदिर न्यास राजीव सांख्यान ने परिवार सहित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के साथ कन्या पूजन भी किया।
राजीव सांख्यान ने बताया कि अश्विन नवरात्र मेला 2026 श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ संपन्न हुआ। 15 दिनों तक चले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए त्रिलोकपुर पहुंचे। श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए नकद चढ़ावे के अलावा सोने और चांदी के रूप में भी माता के दरबार में भेंट अर्पित की गई।
उन्होंने मेले के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए मंदिर न्यास के कर्मचारियों, पुलिस विभाग, होमगार्ड और प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंदिर न्यास त्रिलोकपुर के प्रभारी विजय पाल सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।